MP Milk Adulteration: दूध-घी में मिलावट के खिलाफ बड़ा अभियान, 2.73 करोड़ की खाद्य सामग्री जब्त

भोपाल। मध्य प्रदेश में दूध, घी और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 20 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में चलाए गए अभियान के दौरान 2,234 नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि करीब 44,407 किलो दूध एवं दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2.73 करोड़ रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के दौरान दूध, मावा, पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की जांच की गई। कार्रवाई में 849 दूध, 106 मावा, 296 पनीर, 601 घी और 382 अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए गए।

14 नमूने असुरक्षित पाए गए

अभियान के दौरान दूध, घी और मावा से जुड़े 14 नमूने असुरक्षित (Unsafe) पाए गए हैं। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण स्रोत का पता लगाकर जब्ती और लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर 8 लाइसेंस/पंजीयन निरस्त किए गए हैं। वहीं अभियान के दौरान कुछ लाइसेंस/पंजीयन निलंबित भी किए गए हैं।

25 से ज्यादा घी ब्रांडों की जांच

मध्य प्रदेश में बिकने वाले संदिग्ध घी के 25 से अधिक ब्रांडों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। विभाग के अनुसार जिन ब्रांडों के नमूने अमानक पाए जाएंगे, उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

खाद्य विभाग ने पिछले वर्ष असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों को बाजार से वापस लेने यानी रिकॉल करने की कार्रवाई भी की है।

खाद्य प्रयोगशाला में 321 नमूनों की जांच

अभियान के तहत खाद्य प्रयोगशाला को प्राथमिकता के आधार पर 321 नमूने जांच के लिए प्राप्त हुए। इनमें से 248 नमूने मानक स्तर के पाए गए, जबकि 73 नमूने अमानक मिले।

प्रयोगशाला जांच में द्वारकेश, शगुन, गोवर्धन, दानेदार, भूमि, धोलपुर फ्रेश, वास्तु और गोपी श्री नाम से लिए गए घी के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। विभाग के अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

अभियान अभी जारी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि दूध, घी, मावा और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों से सावधान रहने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।SEO Keywords: MP Milk Adulteration, मध्य प्रदेश दूध में मिलावट, MP घी मिलावट, मिलावटी घी, खाद्य सुरक्षा विभाग, दूध घी जांच अभियान, मध्य प्रदेश खाद्य विभाग, मिलावटी मावा, 2.73 करोड़ की सामग्री जब्त, Food Safety MP.

Exit mobile version