भोपाल मंडल में दो माह में 71 लाख से अधिक यात्रियों ने कराई टिकट बुकिंग, रेलवे को मिला 177 करोड़ रुपये से ज्यादा राजस्व

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने यात्री सेवाओं और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुरुआती दो माह अप्रैल और मई में भोपाल मंडल से कुल 71.07 लाख यात्रियों ने अनारक्षित और आरक्षित टिकटों के माध्यम से यात्रा की, जिससे रेलवे को 177.38 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल और मई 2026 में कुल 52.26 लाख यात्रियों ने जनरल टिकट तथा 18.81 लाख यात्रियों ने आरक्षित टिकट के माध्यम से यात्रा की।

जनरल टिकट से 52 करोड़ रुपये से अधिक की आय

अनारक्षित टिकटों के मामले में अप्रैल माह में 25.81 लाख यात्रियों ने जनरल टिकट बुक किए, जिससे रेलवे को 25.26 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। वहीं मई माह में यात्रियों की संख्या बढ़कर 26.45 लाख हो गई और इससे 27.27 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।

आरक्षित टिकटों से 124 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व

आरक्षित टिकटों के माध्यम से भी भोपाल मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। अप्रैल में 9.29 लाख यात्रियों ने आरक्षित टिकट लिए, जिससे 62.22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। मई माह में 9.52 लाख यात्रियों ने आरक्षित टिकटों की बुकिंग की और रेलवे को 62.64 करोड़ रुपये की आय हुई।

रेलवे का लक्ष्य—बेहतर सेवा के साथ राजस्व वृद्धि

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि वाणिज्य विभाग की पूरी टीम आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुविधाजनक, पारदर्शी और शिकायत रहित सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए वर्तमान में RailOne एप के माध्यम से अनारक्षित टिकटों की बुकिंग पर प्रयोग के तौर पर 3 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। यात्री इस सुविधा का लाभ लेकर आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।

भोपाल मंडल रेल प्रशासन का कहना है कि यात्री सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल सेवाओं के उपयोग और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से आने वाले समय में राजस्व वृद्धि के साथ-साथ यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Exit mobile version