40 हजार वर्ग मीटर में लगेगी प्रदर्शनी, भारत को वैश्विक सोर्सिंग केंद्र के रूप में स्थापित करने पर रहेगा जोर
नई दिल्ली। एलिवेटर और एस्केलेटर उद्योग से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी आईएसईई-2026 का तीसरा संस्करण 3 से 5 दिसंबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित होगा। इसमें भारत और विदेश की 250 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी। करीब 40 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में होने वाली यह भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी एलिवेटर-एस्केलेटर प्रदर्शनी होगी।
प्रदर्शनी में कोने, शिंडलर, ओटिस, फुजिटेक, निडेक और सिकोर जैसी प्रमुख कंपनियां अपने उत्पाद और तकनीक पेश करेंगी। चीन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, अमेरिका, इटली, जापान, कोरिया और तुर्की की कंपनियों की भी भागीदारी रहेगी।
इसमें एलिवेटर, एस्केलेटर, होम लिफ्ट, पार्किंग सिस्टम, प्लेटफॉर्म लिफ्ट, कंट्रोलर, सेंसर, मोटर, केबल, सुरक्षा उपकरण और अन्य पुर्जों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारतीय निर्माताओं को विदेशी खरीदारों से जोड़ना और निर्यात के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
आईएसईई के डायरेक्टर टीएके मैथ्यूज के अनुसार, तेजी से बढ़ते शहरीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास से भारत में एलिवेटर-एस्केलेटर की मांग बढ़ रही है। प्रदर्शनी से भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बनाने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान सुरक्षा, नई तकनीक और उद्योग के मानकों पर चर्चा के लिए क्विज और संगोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।
तीन संस्करणों में बढ़ा दायरा
* 2022 में मुंबई में पहला संस्करण 17 हजार वर्ग मीटर में लगा था, जिसमें 150 से अधिक प्रदर्शक आए थे।
* 2024 में दूसरा संस्करण 25 हजार वर्ग मीटर में हुआ और 200 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया।
* 2026 में इसका दायरा बढ़कर 40 हजार वर्ग मीटर हो गया है। इसमें 250 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे।
