एम्स में गर्भपात देखभाल की गुणवत्ता सुधारने पर मंथन, 100 से अधिक स्वास्थ्यकर्मी हुए शामिल

मातृ मृत्यु दर और जटिलताओं में कमी लाने के लिए चिकित्सकों को दिया प्रशिक्षण, डिजिटल रिपोर्टिंग और गर्भपात के बाद गर्भनिरोधक सेवाओं पर जोर
भोपाल। एम्स भोपाल में गर्भपात से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), मध्यप्रदेश के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने हिस्सा लिया। इसमें गर्भपात के दौरान और उसके बाद महिलाओं को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा देने तथा मातृ मृत्यु और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को कम करने पर चर्चा की गई।
एम्स के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. के. पुष्पलता ने किया। संस्थान के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेंद्र कोटवाल (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में वैज्ञानिक सत्र, पोस्टर, रंगोली, पीपीटी और वीडियो के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में गर्भावस्था का चिकित्सकीय समापन (एमटीपी), गर्भपात के बाद गर्भनिरोधक सेवाएं, मरीजों की जानकारी दर्ज करने के फॉर्म, एंट्री रजिस्टर और अस्पताल स्तर पर प्रशिक्षण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही एचएमआईएस पोर्टल और एमपी हेल्थ डैशबोर्ड के जरिए डिजिटल रिपोर्टिंग की प्रक्रिया भी समझाई गई। वीडियो प्रदर्शन के माध्यम से सेवाओं के मानक और उनकी निगरानी की जानकारी दी गई।
वैज्ञानिक सत्र की अध्यक्षता प्रो. डॉ. अरनीत अरोड़ा, प्रो. डॉ. के. पुष्पलता और भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने की। एनएचएम की मातृ स्वास्थ्य सलाहकार प्राची शर्मा और आईपीएएस डेवलपमेंट फाउंडेशन के वरिष्ठ विशेषज्ञ विदिश कुलकर्णी ने व्याख्यान दिए।
कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञों, रेजिडेंट डॉक्टरों, इंटर्न, पैरामेडिकल विद्यार्थियों, नर्सिंग अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन पर आयोजन सचिव एवं अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. श्वेता पटेल ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।





