स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने लोकनृत्य और नाटिका से दिखाई प्रतिभा, टॉपर्स को दिए पांच-पांच हजार रुपए के चेक
भोपाल। कैम्ब्रिज हाइट्स स्कूल के छठवें वार्षिक समारोह के अवसर पर कैम्ब्रिज स्पोर्ट्स एरिना का शुभारंभ प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्कूल प्रबंधन ने एक ही परिसर में कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जिससे बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण मिल सकेगा।
स्पोर्ट्स एरिना में क्रिकेट नेट प्रैक्टिस, फुटबॉल टर्फ, बास्केटबॉल, पिकलबॉल, वॉलीबॉल, 200 मीटर रेस ट्रैक, जूडो, कूडो, खो-खो और कबड्डी जैसी खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां अनुभवी कोच बच्चों को प्रशिक्षण देंगे।
समारोह का शुभारंभ ज्ञानवीर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत, आकाश सिंह राजपूत, सुरभी सिंह राजपूत और नंदिका सिंह राजपूत सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
वार्षिक समारोह में नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने ‘अतुल्य भारत’ थीम पर विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य प्रस्तुत किए। खास तौर पर राजस्थानी लोकनृत्य को दर्शकों ने सराहा। वहीं, तीसरी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ कार्यक्रम के तहत लघु नाटिका, लावणी और जवारे नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सागर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और लोकगीत गायक सुनील लोधी ने किया।
कार्यक्रम के अंत में वर्ष 2025 के कक्षा 12वीं के टॉपर अक्षत जैन और दसवीं के टॉपर प्रतीक यादव को स्कूल प्रबंधन की ओर से पांच-पांच हजार रुपए के चेक देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य रेखा अग्रवाल और उप प्राचार्य हेमंत खरे ने अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
