
प्रधानमंत्री मोदी ने योग के माध्यम से विश्व को दिखाई नई दिशा : डॉ. सनवर पटेल
भोपाल । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश वक़्फ़ बोर्ड परिसर में एक भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के अनेक युवाओं सहित विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर “योग से एकता” का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाकर भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित किया है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता का माध्यम भी है।”
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एम. ऐजाज़ खान, प्रदेश महामंत्री जावेद अख्तर, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष शहरयार अहमद, प्रदेश कार्यालय मंत्री असद मसूद, वक़्फ़ कमेटी जिला अध्यक्ष ईरशाद अंसारी, सैय्यद उमर अली, रमीज़ कुरैशी, बशरत उल्ला समेत अनेक प्रमुख मुस्लिम नेताओं और युवाओं ने योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन और भ्रामरी जैसे योग क्रियाओं का अभ्यास प्रशिक्षकों की देखरेख में कराया गया। प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प भी लिया।
वक़्फ़ बोर्ड परिसर में आयोजित इस योग कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता और सामूहिक स्वास्थ्य चेतना को प्रोत्साहित किया, जिससे यह संदेश गया कि योग किसी धर्म या पंथ तक सीमित नहीं, बल्कि यह मानवता को जोड़ने का सार्वभौमिक विज्ञान है।





