State

खुशनुमा मौसम में विंड एंड वेव्स पर हुआ सामूहिक योग और ज़ुम्बा सेशन

पर्यटन विभाग ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर युवाओं को दिया ‘स्वस्थ जीवन’ का संदेश

भोपाल, । 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा आज राजधानी भोपाल स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल विंड एंड वेव्स में योग और ज़ुम्बा सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजधानीवासियों, युवाओं, पर्यटकों और विभागीय अधिकारियों ने खुशनुमा मौसम का आनंद लेते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सी डेक पर योग और ज़ुम्बा का अद्भुत संगम

सुबह 7:00 बजे से शुरू हुए योग सत्र में प्रसिद्ध योगाचार्य विजयेता जैन द्वारा योगाभ्यास कराया गया। इसके बाद 7:30 बजे ज़ुम्बा सेशन शुरू हुआ, जिसमें ऊर्जावान म्यूज़िक रिद्म पर एक्सरसाइज़ करवाई गई। दोनों सत्रों में भारी संख्या में नागरिकों की भागीदारी ने वातावरण को और अधिक ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय पर्यटक उपस्थित रहे, जिन्होंने सक्रिय रूप से सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

राज्यभर की पर्यटन इकाइयों में हुआ योग आयोजन

निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी. ने जानकारी दी कि योग दिवस के अवसर पर राज्य की सभी पर्यटन इकाइयों जैसे होटल्स और रिसॉर्ट्स में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।
इन सत्रों में वहां ठहरे हुए पर्यटकों और स्टाफ ने मिलकर योगाभ्यास किया, जिससे यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि “स्वास्थ्य जागरूकता का उत्सव” बन गया।

“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर केंद्रित आयोजन

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की थीम थी – “Yoga for One Earth, One Health”, जिसका तात्पर्य है कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ पृथ्वी की दिशा में योग एक प्रभावी साधन है।
कार्यक्रम ने इस वैश्विक संदेश को स्थानीय स्तर पर प्रभावी रूप से प्रसारित किया।

Related Articles