State

भोपाल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत खुशवंत राव की बावड़ी पर हुआ श्रमदान और जल चौपाल, जल संरक्षण की ली शपथ

भोपाल । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से “भोपाल जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत आज विकासखंड फंदा में खुशवंत राव की बावड़ी, नवीन नगर में विशेष श्रमदान एवं जल चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान में जनभागीदारी और जल स्रोत संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता लाने का उद्देश्य प्रमुख रहा।

मानव श्रृंखला बनाकर की गई बावड़ी की सफाई

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला के रूप में बावड़ी की सफाई में श्रमदान किया। बावड़ी में प्राकृतिक झीर से वर्ष भर जल उपलब्ध रहता है, जिसे स्वच्छ और संरक्षित करने के लिए यह सामूहिक प्रयास किया गया। श्रमदान के पश्चात सभी ने जल संरक्षण की शपथ भी ली।

जल चौपाल में हुआ जल जागरूकता का संवाद

जल चौपाल के दौरान जल संरक्षण के उपायों और सामुदायिक जिम्मेदारी पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती कोकिला चतुर्वेदी ने कहा,

> “भोपाल जल गंगा अभियान एक जन-जागरण का माध्यम है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने क्षेत्र के जल स्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। जन्मदिन, सालगिरह जैसे अवसरों पर पौधरोपण कर उसे संरक्षित करना भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।”



सामूहिक सहभागिता से बढ़ी प्रभावशीलता

विकासखंड समन्वयक श्री नंदकिशोर मालवीय ने श्रमदान और जल चौपाल में सम्मिलित सभी स्थानीय नागरिकों, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों और मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

सहभागिता में दिखा जन-उत्साह

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने जल संरक्षण को अपनी निजी और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करते हुए सतत प्रयास की शपथ ली।

Related Articles