बोले- पुनर्वास के बिना परिवारों को उजाड़ना अन्यायपूर्ण, वैकल्पिक आवास और मुआवजे की व्यवस्था करे सरकार
भोपाल। ऐशबाग के जनता क्वार्टर में करीब 599 आवासों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्के मकान देने का वादा करने वाली सरकार वर्षों से रह रहे परिवारों को बेघर कर रही है। पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना मकानों को तोड़ना अन्यायपूर्ण है।
23 नवंबर को जारी बयान में पटवारी ने कहा कि भोपाल के जनता क्वार्टर में हुई कार्रवाई और इंदौर में 62 घरों को तोड़े जाने की घटना सरकार की गरीब विरोधी नीतियों को उजागर करती है। इन मकानों में कई पीढ़ियों से परिवार रह रहे थे। कुछ लोगों ने छोटे दुकानों और कारोबार के जरिए अपनी आजीविका भी बना रखी थी। ऐसे में कार्रवाई से पहले सरकार ने उनके रहने और रोजगार की व्यवस्था क्यों नहीं की?
पटवारी ने कहा कि जर्जर भवनों को तोड़ना प्रशासनिक कार्रवाई हो सकती है, लेकिन वहां रहने वाले परिवारों के पुनर्वास की जिम्मेदारी भी सरकार की है। केवल सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा देना पर्याप्त नहीं है। सरकार को बताना चाहिए कि कार्रवाई के बाद परिवार कहां रहेंगे और उनकी रोजी-रोटी का इंतजाम कैसे होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि क्या गरीबों की जिंदगी और उनके घर सरकार के लिए सिर्फ आंकड़े हैं? विकास और प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर मानवीय संवेदनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पटवारी ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक वैकल्पिक आवास, उचित मुआवजा और पुनर्वास की ठोस व्यवस्था दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।
