हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए कॉलेजों को विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश

भोपाल। भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन और विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मंगलवार को शासकीय हमीदिया महाविद्यालय में सभी शासकीय और निजी कॉलेजों के प्राचार्यों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी भोपाल के लिए गौरव की बात है। इससे शहर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कॉलेजों में प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यार्थियों को मैचों की जानकारी देने के साथ उन्हें स्टेडियम पहुंचकर मुकाबले देखने के लिए प्रेरित करें। भारतीय महिला हॉकी टीम की उपलब्धियों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया जाए, ताकि उनमें खेल भावना, अनुशासन और महिला खिलाड़ियों के प्रति सम्मान बढ़े। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए शहर में सकारात्मक माहौल बनाने में कॉलेज भी सहयोग करें।

कॉलेजों में एंटी ड्रग कमेटियां बनेंगी

बैठक में कलेक्टर ने सभी कॉलेजों में एंटी ड्रग कमेटियों का गठन कर उन्हें सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों से संवाद और नियमित निगरानी की जाए। नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई हो।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, उच्च शिक्षा की एडिशनल डायरेक्टर सीमा झेरवार, प्राचार्य डॉ. रचना मिश्रा और जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य सहित कॉलेजों के प्राचार्य मौजूद थे।

Exit mobile version