एम्स में भोजन नली के कैंसर की जटिल सर्जरी, 45 वर्षीय मरीज को मिली नई जिंदगी

कीमोथेरेपी और रेडिएशन के बाद दूरबीन तकनीक से निकाला ट्यूमर, पेट से बनाई भोजन की नई नली

भोपाल। एम्स भोपाल के डॉक्टरों ने भोजन नली के कैंसर से पीड़ित 45 वर्षीय मरीज की जटिल सर्जरी कर उसे नई जिंदगी दी है। मरीज को खाना निगलने में परेशानी हो रही थी और उसका वजन भी तेजी से घट रहा था। जांच में भोजन नली में कैंसर का ट्यूमर मिला था। डॉक्टरों की मल्टी-स्पेशलिटी टीम ने आधुनिक दूरबीन तकनीक से सर्जरी कर कैंसर प्रभावित भोजन नली को निकाला और पेट से भोजन पहुंचाने के लिए नई नली बनाई। सर्जरी के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मरीज जब एम्स पहुंचा तो उसे खाना निगलने में लगातार परेशानी, काफी वजन घटने और छाती में हल्की बेचैनी की शिकायत थी। एंडोस्कोपी जांच में भोजन नली में दांतों से 23 से 27 सेंटीमीटर की दूरी पर कैंसर का ट्यूमर मिला। डॉक्टरों ने मानक उपचार प्रक्रिया के तहत पहले मरीज को कीमोथेरेपी और रेडिएशन एक साथ दिया।

इसके बाद पेट की सीटी और कंट्रास्ट सीटी स्कैन में ट्यूमर बाईं श्वसन नली के बेहद करीब दिखाई दिया। इससे श्वसन नली में कैंसर फैलने की आशंका थी। डॉक्टरों ने ब्रोन्कोस्कोपी कर श्वसन नली की जांच की। इसमें स्पष्ट हुआ कि ट्यूमर ने श्वसन नली पर सीधा हमला नहीं किया है। इसके बाद सर्जरी का रास्ता साफ हुआ।

दूरबीन तकनीक से की गई सर्जरी

सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल गुप्ता के मार्गदर्शन में ऑपरेशन किया गया। मुख्य सर्जन डॉ. प्रवेश माथुर के नेतृत्व में डॉ. गजेंद्र डंडौतिया, वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. श्रीराम और डॉ. गौरव सिंह राजपूत ने सर्जरी में सहयोग किया। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. प्रणीता मंडल ने संभाली।

डॉक्टरों ने वैट्स (वीडियो असिस्टेड थोरेकोस्कोपिक सर्जरी) तकनीक का इस्तेमाल किया। इसमें छाती के भीतर दूरबीन की मदद से ऑपरेशन किया जाता है। सर्जरी के दौरान कैंसर प्रभावित भोजन नली को निकाला गया। इसके बाद पेट से एक नई नली बनाकर उसे भोजन नली के शेष हिस्से से जोड़ दिया गया। कैंसर के फैलाव की जांच और उपचार के लिए दो क्षेत्रों की लसीका ग्रंथियां भी निकाली गईं।

बिना जटिलता के अस्पताल से छुट्टी

एम्स प्रशासन के अनुसार सर्जरी के बाद मरीज ने तेजी से स्वास्थ्य लाभ किया। उसकी स्थिति स्थिर रही और पोषण स्तर भी अच्छा रहा। किसी अप्रत्याशित जटिलता के बिना उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

ऑपरेशन में नर्सिंग स्टाफ लक्ष्मण, लक्ष्मी, पूजा और ओमराम ने भी सहयोग किया। एम्स के डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि खाना निगलने में लगातार परेशानी, बिना कारण तेजी से वजन घटना या छाती में बेचैनी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। समय पर चिकित्सकीय जांच कराने से बीमारी की पहचान और उपचार में मदद मिल सकती है।

Exit mobile version