स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों का बैरसिया में निरीक्षण, निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने दिए सुधार के निर्देश

भोपाल। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत “स्वच्छ शहर जोड़ी” अभियान के तहत भोपाल नगर निगम की जोड़ीदार नगरी बैरसिया में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर व्यापक निरीक्षण किया गया। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बैरसिया पहुंचकर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और सिटी प्रोफाइल से जुड़े कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सड़कों, गलियों, नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्कीकरण और प्रोसेसिंग प्लांट की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाए ताकि बैरसिया की रैंकिंग में सुधार हो सके।
इस दौरान बैरसिया के एसडीएम आशुतोष शर्मा को भी सिटी प्रोफाइल से संबंधित कमियों की जानकारी देते हुए उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में भोपाल नगर निगम और नगर पालिका बैरसिया के अधिकारी मौजूद रहे।
“स्वच्छ शहर जोड़ी” योजना के तहत मिल रहा सहयोग
केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण में कमजोर प्रदर्शन वाले शहरों को बेहतर शहरों के साथ जोड़ा गया है। इसी योजना के तहत भोपाल और बैरसिया को “स्वच्छ शहर जोड़ी” के रूप में चयनित किया गया है।
नगर निगम भोपाल द्वारा बैरसिया नगर पालिका को स्वच्छता गतिविधियों के लिए 4 डोर-टू-डोर कचरा वाहन, 1 रोड स्वीपिंग मशीन, 4 रिक्शा एवं हैंडकार्ट उपलब्ध कराए गए हैं।
नागरिक जागरूकता पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने नागरिकों को कचरा पृथक्कीकरण के प्रति जागरूक करने, अलग-अलग कचरे के संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निगम का मानना है कि “स्वच्छ शहर जोड़ी” मॉडल के माध्यम से छोटे शहरों में भी बेहतर स्वच्छता प्रबंधन विकसित किया जा सकता है, जिससे आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन संभव होगा।



