मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब ने 150 से अधिक खाद्य पदार्थों की मौके पर की जांच, दूध, घी, छाछ, मिठाई और नमकीन के नमूने लिए
भोपाल। दीपावली और त्योहारों के बाद भी खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावट के खिलाफ जांच अभियान जारी रखा है। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 150 से अधिक खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 19 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान 11 नंबर बस स्टॉप स्थित गोकुल स्वीट्स एंड नमकीन में करीब 10 किलो पुराने बूंदी के लड्डू मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार मोबाइल लैब ने सर्वधर्म क्षेत्र, जेके अस्पताल, अयोध्या बायपास, गांधीनगर, एयरपोर्ट रोड और करोंद सहित कई इलाकों में जांच की। चौराहों, होटल, रेस्टोरेंट, फ्रेश फूड प्रतिष्ठानों, गुमठियों और किराना दुकानों पर चाय, दूध, दुग्ध उत्पाद, मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल, मसाले और दालों की जांच की गई। साथ ही लोगों और दुकानदारों को मिलावट की पहचान, खाद्य पदार्थों की शुद्धता और साफ-सफाई के बारे में जानकारी दी गई।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर भी जांच
गांधीनगर और एयरपोर्ट रोड क्षेत्र में नारायण दास किराना स्टोर, साईं बाबा टी स्टॉल, संजोत किराना स्टोर, नरेश ट्रेडर्स और खनक ट्रेडर्स की जांच की गई। यहां चाय, दूध से बने पदार्थ, बेसन, दाल, चावल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की गई। करोंद क्षेत्र में साईं कृष्णा किराना स्टोर, मां रुक्मणी किराना स्टोर, मां कर्मा किराना स्टोर, रमेश एंड महेश चाट भंडार, आनंद डेयरी एंड स्वीट्स और यश किराना स्टोर का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा लालघाटी स्थित श्री बालाजी ट्रेडर्स की भी जांच की गई।
सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर चौकसे डेयरी एंड स्वीट्स से भैंस के दूध और कुबेर डेयरी, बाग मुगलिया से छाछ व घी के नमूने लिए गए। गोकुल स्वीट्स एंड नमकीन से बूंदी के लड्डू का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। तुलसी नगर स्थित न्यू ग्वालियर रेस्टोरेंट से मलाई बर्फी, बेसन बर्फी, रिफाइंड सोयाबीन तेल, मैदा और सोनपापड़ी के नमूने लिए गए।
नमकीन और पनीर के नमूने भी लिए
मोहन नमकीन सेंटर से लौंग सेव और बेसन रतनामी नमकीन के दो नमूने लिए गए। कुंदन नमकीन से भी नमकीन के दो नमूने संकलित किए गए। करोंद स्थित शिवम फास्ट फूड से पनीर का विधिक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत लिया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के मुताबिक सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई रखने, खाद्य सामग्री का उचित भंडारण करने और गुणवत्तापूर्ण सामान बेचने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के बाद भी निरीक्षण, नमूना संकलन और जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।
