State

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम. वेंकटेशन की पमरे महाप्रबंधक के साथ महत्वपूर्ण बैठक

भोपाल: पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) जबलपुर में 3 सितंबर 2024 को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री एम. वेंकटेशन का आगमन हुआ। श्री वेंकटेशन ने जबलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 01 पर साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सफाई कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में चर्चा की। इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक शील, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक, और सफाई कर्मचारी प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इसके बाद, पमरे मुख्यालय के सभागार में श्री एम. वेंकटेशन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में रेलवे में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्ष, अपर महाप्रबंधक श्री आर.एस. सक्सेना, मंडल रेल प्रबंधक श्री विवेक शील, महाप्रबंधक के सचिव श्री राहुल जयपुरियार, उप महाप्रबंधक (सामान्य) श्री अनुराग पांडेय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधि, और सफाई कर्मचारी भी उपस्थित थे।

महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने पश्चिम मध्य रेलवे ज़ोन के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि यह भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण रेलवे ज़ोन और हृदय स्थल है। इस ज़ोन में जबलपुर मुख्यालय के साथ जबलपुर, भोपाल, और कोटा मंडल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम मध्य रेल भारतीय रेलवे के प्रमुख ट्रंक मार्गों पर स्थित है, जो उत्तर को पश्चिम और दक्षिण, तथा पश्चिम को भारत के पूर्वी क्षेत्रों से जोड़ता है।

महाप्रबंधक ने यह भी बताया कि कार्य के दौरान सफाई कर्मचारियों को प्रोटेक्टिव गियर और इक्यूपमेंट्स प्रदान किए जाते हैं, जिससे वे कुशलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से अपने कार्यों का निष्पादन कर सकें। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा समय-समय पर आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को भारत सरकार की नीतियों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता है। सफाई कर्मचारियों के वेतन निर्धारण और अवकाश संबंधी नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जाता है।

पश्चिम मध्य रेलवे अपने यात्रियों को बेहतर रेल संचालन और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस ज़ोन में 60 से अधिक आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से 100 से अधिक अनुबंध किए गए हैं, जिनके अंतर्गत 2000 से अधिक सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, 150 रेलवे कर्मचारी भी साफ-सफाई के कार्य में जुटे हैं।

पश्चिम मध्य रेलवे सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और इस दिशा में हमेशा सतर्क और अग्रसर रहेगा।

Related Articles