State

पटाखों के बाद कम सुनाई दे तो 72 घंटे अहम, तुरंत कराएं कान की जांच

कान में सीटी बजना, भारीपन और चक्कर आना हो सकता है खतरे का संकेत; एम्स के विशेषज्ञ ने दी सलाह

भोपाल। दीपावली पर पटाखों के तेज धमाकों के बाद यदि अचानक कम सुनाई देने लगे तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। यह कान के भीतरी हिस्से में चोट या सुनने की क्षमता प्रभावित होने का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में शुरुआती 72 घंटे इलाज के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। समय पर जांच और उपचार से सुनने की क्षमता को बचाने में मदद मिल सकती है।

एम्स भोपाल के ईएनटी विभाग के वाक् एवं भाषा चिकित्सक प्रांजल जैन के अनुसार, शुरुआती 72 घंटे को इलाज का गोल्डन पीरियड माना जाता है। पटाखों का तेज धमाका कुछ सेकंड में ही कान की संवेदनशील संरचनाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। खासकर कान के पास पटाखा फूटने से भीतरी कान की हेयर सेल प्रभावित हो सकती हैं। इससे सुनने की क्षमता अस्थायी या स्थायी रूप से कम हो सकती है।

ये लक्षण दिखें तो रहें सतर्क

पटाखों के धमाके के बाद कान में घंटी या सीटी बजना, कान बंद महसूस होना, आवाजें धीमी सुनाई देना और चक्कर आना खतरे के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। अचानक सुनने की क्षमता कम होने की स्थिति को सडन सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस कहा जाता है। तेज आवाज से एकॉस्टिक ट्रॉमा भी हो सकता है। कुछ मामलों में कान के पर्दे में छेद, दर्द और लगातार सीटी बजने की समस्या भी सामने आ सकती है।

ऑडियोलॉजिस्ट और ईएनटी विशेषज्ञ से कराएं जांच

ऐसे लक्षण होने पर तुरंत ऑडियोलॉजिस्ट से सुनने की क्षमता की जांच कराएं और ईएनटी विशेषज्ञ से परामर्श लें। जांच के लिए प्योर टोन ऑडियोमेट्री (पीटीए), स्पीच ऑडियोमेट्री सहित अन्य परीक्षण किए जा सकते हैं। इनसे सुनने की क्षमता में कमी का स्तर और उसका प्रकार पता चलता है। इसके आधार पर विशेषज्ञ उपचार तय करते हैं।

खुद से इलाज करने से बचें

विशेषज्ञों के अनुसार, कान में परेशानी होने पर घरेलू उपचार या खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें। 72 घंटे बीत जाने पर भी जांच और इलाज कराना जरूरी है। बचाव के लिए तेज आवाज वाले पटाखों से दूरी रखें। बच्चों और बुजुर्गों को धमाकों के आसपास न जाने दें और जरूरत पड़ने पर ईयर प्लग का इस्तेमाल करें।

Related Articles