State

कपास-तुअर की फसल के बीच उगा रखा था गांजा, 1.74 करोड़ का माल जब्त

धार में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई, 230 हरे पौधे मिले; एक आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। धार जिले में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश करते हुए 230 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 698 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी ने कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे थे, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को उमरबन चौकी को ग्राम बड़िया नाईपुरा में गांजे की अवैध खेती होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना मनावर और चौकी उमरबन की पुलिस टीम ने बताए गए खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने सभी 230 पौधों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles