शोध, नवाचार और चिकित्सा कौशल पर हो रहा मंथन, विद्यार्थियों ने दिए वैज्ञानिक शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां
भोपाल। एम्स भोपाल में चिकित्सा अनुसंधान, नवाचार और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जेनेसिस 3.0 राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें देश के अलग-अलग चिकित्सा संस्थानों के करीब 120 स्नातक मेडिकल विद्यार्थी शामिल हुए। सम्मेलन का आयोजन एम्स भोपाल के अंडरग्रेजुएट रिसर्च फोरम ने स्टूडेंट काउंसिल के सहयोग से किया है।
सम्मेलन का शुभारंभ एम्स के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल (सेवानिवृत्त) ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में शोध, नए प्रयोग और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशा एक अवसर के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में उप निदेशक संदेश जैन, डीन (अनुसंधान), एसोसिएट डीन (विद्यार्थी कल्याण) और वरिष्ठ संकाय सदस्य मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों को मरीजों की जांच, उपचार से जुड़े व्यावहारिक कौशल और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा वास्तविक मरीजों के मामलों पर चर्चा, शैक्षणिक प्रतियोगिताएं, वैज्ञानिक शोध पत्रों का मौखिक प्रस्तुतीकरण, पोस्टर प्रदर्शनी और नवाचार से जुड़े सत्र आयोजित किए गए।
इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को चिकित्सा अनुसंधान की बारीकियां समझने और अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। सम्मेलन के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। एम्स भोपाल का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से मेडिकल विद्यार्थियों में शोध की रुचि बढ़ाना और भविष्य के लिए बेहतर चिकित्सा शोधकर्ता तैयार करना है।
