8 लग्जरी कारें और 20 मोबाइल सहित 92.94 लाख रुपए का सामान जब्त, आधी रात को पुलिस ने दी दबिश
भोपाल। शाहपुरा थाना क्षेत्र के इंडेक्स अपार्टमेंट में एक फ्लैट के अंदर चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक नाबालिग भी मिला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 94 हजार 690 रुपए नकद, 20 मोबाइल और आठ चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 92 लाख 94 हजार 690 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 15-16 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12:25 बजे सूचना मिली थी कि गौरव ग्रीन गार्डन के सामने स्थित इंडेक्स अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। फ्लैट के नीचे कई संदिग्ध वाहन भी खड़े थे। सूचना के बाद सहायक पुलिस आयुक्त हबीबगंज से सर्च वारंट लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-02 में दबिश दी।
पुलिस ने फ्लैट के अंदर देखा तो कई लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे थे। तलाशी के दौरान 94 हजार 690 रुपए नकद, करीब 12 लाख रुपए कीमत के 20 मोबाइल फोन और करीब 80 लाख रुपए कीमत की आठ चार पहिया गाड़ियां मिलीं। मौके से 52 ताश के पत्ते भी जब्त किए गए।
पुलिस ने सौरभ सिंह, अरुण कुमार, बादल ठाकुर, राहुल त्रिपाठी, अमन सिंह, मोहन सिंह राजपूत, तुषार तोमर, समीर तोमर, विनय रंधवे, अंकुश गर्ग, विजय शर्मा, भरत चौहान, विशाल पाठक और वैभव सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक भी मिला। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत शाहपुरा थाने में अपराध क्रमांक 690/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपियों को न्यायालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर की गई। पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल के मार्गदर्शन और एसीपी हबीबगंज कर्णिक श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इसमें थाना प्रभारी संतोष मरकाम सहित शाहपुरा थाने के पुलिसकर्मियों और साइबर टीम की भूमिका रही।
