पांच धाराओं में एक-एक साल का साधारण कारावास, पांच हजार रुपए जुर्माना; एफडी उपलब्ध कराने वाला साथी फरार
भोपाल। न्यायालय में फर्जी एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) जमा कर दूसरे व्यक्ति की जमानत लेने वाले आरोपी को अदालत ने पांच साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुश्री हेमलता अहिरवार की अदालत ने आरोपी मोहम्मद शाहरुख उर्फ सलीम को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की पांच धाराओं में एक-एक साल का कारावास और कुल पांच हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। फैसला 16 नवंबर को सुनाया गया।
सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी रचना चिड़ार ने बताया कि मामला 2025 का है। गोविंदपुरा क्षेत्र के अन्ना नगर निवासी गोपाल पाटिल के खिलाफ धारा 129 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा पेश किया गया था। इस मामले में न्यायालय में जमानत के लिए गोपाल पाटिल ने 35 हजार रुपए की प्रतिभूति प्रस्तुत की थी। इसके अलावा उनके वकील महेंद्र विश्वकर्मा के साथ आए मोहम्मद सलीम नाम के व्यक्ति ने अपनी 1.50 लाख रुपए की एफडी जमानत के रूप में पेश की थी।
जमानत के लिए जमा कराई गई एफडी की जांच के दौरान पुलिस ने एसबीआई की कस्तूरबा अस्पताल शाखा से जानकारी मांगी। बैंक ने बताया कि संबंधित एफडी मोहम्मद सलीम के नाम पर नहीं, बल्कि राहुल कुमार के नाम पर थी और खाता भी बंद हो चुका था। जांच में एफडी फर्जी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने जमानतदार के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
पूछताछ में बदला नाम
विवेचना के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपना नाम मोहम्मद सलीम बताया था, जबकि उसका असली नाम मोहम्मद शाहरुख है। उसने यह भी बताया कि एफडी उसके दोस्त रियाज खान ने बनवाकर दी थी। पुलिस ने जांच पूरी कर न्यायालय में चालान पेश किया।
अदालत ने अभियोजन की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों, साक्ष्यों और तर्कों से सहमत होते हुए आरोपी को बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338 और 340(2) में एक-एक साल के साधारण कारावास तथा प्रत्येक धारा में एक-एक हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। मामले में एफडी उपलब्ध कराने वाला आरोपी रियाज खान फरार है। उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी करने का आदेश दिया गया है। प्रकरण में शासन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी रचना चिड़ार ने पैरवी की।
