दो बिल्डरों सहित 189 लोगों पर जुर्माना, 1.52 लाख रुपए वसूले

भोपाल, 17 नवंबर। शहर में कचरा फैलाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का पालन नहीं करने और सफाई व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। मंगलवार को निगम की टीम ने 189 प्रकरणों में कुल 1 लाख 52 हजार 750 रुपए का स्पॉट फाइन वसूला। इसमें करोंद क्षेत्र के दो बिल्डर भी शामिल हैं, जिन पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। निगम के अनुसार वार्ड 76 में निर्माण स्थलों पर कचरे का नियमानुसार निष्पादन नहीं करने पर मेसर्स अमलतास वेस्ट मिनिस्टर और कंसाना कंस्ट्रक्शन के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा और गंदगी फैलाने, सीएंडडी वेस्ट डालने तथा निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सभी 20 जोन में कार्रवाई की। जोन 15 में सबसे अधिक 54 हजार 600 रुपए और जोन 10 में 30 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। जोन 1 में 20 हजार 50 रुपए तथा जोन 13 में 19 हजार 400 रुपए की वसूली हुई। निगम ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version