टेम परियोजना के डूब क्षेत्र में मकान शामिल नहीं करने पर किसानों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

भोपाल। बैरसिया तहसील के कोलूखेड़ी खुर्द गांव में निर्माणाधीन टेम मध्यम सिंचाई परियोजना (संजय सागर बांध परियोजना) को लेकर किसानों का विरोध शुरू हो गया है। इस परियोजना से भोपाल, गुना और विदिशा जिले में सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराया जाना है। लेकिन कोलूखेड़ी खुर्द के 30 से अधिक किसानों की जमीन और मकान डूब क्षेत्र की सीमा में आ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उनकी जमीनों को डूब क्षेत्र में शामिल किया गया है, लेकिन आवासों को अब तक इसमें घोषित नहीं किया गया है।

किसान इस संबंध में बैरसिया एसडीएम कार्यालय में कई बार आवेदन दे चुके हैं। सुनवाई नहीं होने पर मंगलवार को 100 किमी की दूरी तय कर जनसुनवाई में कलेक्टर के पास पहुंचे। कृपाल सिंह सहित 20 से अधिक किसानों ने आरोप लगाया कि सर्वे टीम ने मिलीभगत कर कुछ लोगों की जमीन और मकान डूब क्षेत्र में शामिल किए हैं, जबकि नदी से 50 मीटर दूर स्थित कुछ किसानों की जमीनों को इससे बाहर रखा गया है। डिप्टी कलेक्टर अर्चना शर्मा और हर्षिता दवे ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो कलेक्टर कार्यालय में आमरण अनशन करेंगे।

बेटों ने मां को घर से निकाला, फुटपाथ पर रहने को मजबूर

जनसुनवाई में मुन्नीबाई ने शिकायत की कि विदिशा की जमीन बेचकर उन्होंने करोंद में मकान खरीदा था। अब बड़े बेटे दीपचंद ने उन्हें घर से निकालकर ताला लगा दिया है। वे फुटपाथ पर रहने को मजबूर हैं। मामले की जांच एसडीएम गोविंदपुरा को सौंपी गई है।

वहीं, सरवरी बी ने बताया कि रशीदिया स्कूल के पास स्थित उनके मकान से बेटे शम्मू और बहू गुड्डन ने उन्हें निकाल दिया है। वे छोटे बेटे शानू के साथ किराए से रह रही हैं। उनकी आय का एकमात्र साधन 600 रुपए मासिक पेंशन है। डिप्टी कलेक्टर ने जांच शहर एसडीएम को सौंपी है।

अनिकेत हत्याकांड के नौ आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

इब्राहिमगंज निवासी अभिषेक खटीक ने भाई अनिकेत की दीपावली की रात पटाखे फोड़ने के विवाद में हुई हत्या के मामले में शेष नौ आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि प्रकरण में 11 आरोपी हैं, जिनमें से दो की हत्या हो चुकी है और नौ की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोपियों के अवैध निर्माणों की राजस्व विभाग से जांच कराकर उन्हें हटाने की भी मांग की।

Exit mobile version