डूब क्षेत्र में मकानों का मुआवजा नहीं मिलने से परेशान किसान, अधिकारियों के चक्कर लगा रहे ग्रामीण

टेम मध्यम सिंचाई परियोजना में मकान डूब क्षेत्र में शामिल नहीं करने का आरोप, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
भोपाल। बैरसिया के कोलूखेड़ी खुर्द गांव के किसान टेम मध्यम सिंचाई परियोजना (संजय सागर बांध परियोजना) में डूब क्षेत्र में आने वाले मकानों का मुआवजा पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उनके मकान डूब क्षेत्र में प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन जल संसाधन विभाग ने इन्हें डूब क्षेत्र में दर्ज नहीं किया है। इस वजह से उन्हें मुआवजा नहीं मिल पा रहा है।
तीन जिलों भोपाल, विदिशा और गुना से जुड़ी इस परियोजना को लेकर प्रभावित किसानों ने एसडीएम बैरसिया और तहसीलदार से शिकायत की थी। सुनवाई नहीं होने पर किसान मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के पास पहुंचे। यहां उन्हें समस्या के निराकरण का आश्वासन मिला, लेकिन इसके बाद भी राहत नहीं मिली। राजस्व विभाग ने मजीदगढ़ में किसानों की समस्याएं सुनने के लिए शिविर लगाया, लेकिन वहां भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसके बाद सोमवार को किसान फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को अपनी परेशानी बताई। किसान कृपाल सिंह ने बताया कि वे लगातार अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसानों के पास अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।





