अयोध्या बायपास स्थित रेस्टोरेंट पर आबकारी विभाग का छापा, 10 लाख से अधिक की सामग्री जब्त

भोपाल आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: शाही पिंड रेस्टोरेंट से अवैध विदेशी शराब और बीयर जब्त, दो आरोपियों पर केस दर्ज



भोपाल में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने अयोध्या बायपास रोड स्थित शाही पिंड रेस्टोरेंट पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा और बीयर जब्त की।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई 18 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। विभागीय टीम ने रेस्टोरेंट परिसर की तलाशी के दौरान करीब 57 बल्क लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की।

आरोपी दमनदीप सिंह पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

कार्रवाई के दौरान आरोपी दमनदीप सिंह के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वहीं रेस्टोरेंट के बाहर खड़े एक चार पहिया वाहन से तीन पेटी बीयर भी जब्त की गई। इस मामले में आरोपी कृष्ण पाल के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत मामला कायम किया गया।

आबकारी विभाग के अनुसार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। विभाग ने कार्रवाई के दौरान जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 40 हजार रुपये बताई है।

लगातार तेज हो रही अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई

भोपाल आबकारी विभाग द्वारा हाल के दिनों में अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिना लाइसेंस शराब कारोबार करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

इस कार्रवाई को प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुयश फौजदार और सीमा कशिशिया की टीम ने अंजाम दिया। छापे के दौरान आबकारी अमला बड़ी संख्या में मौजूद रहा।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version