State

भोपाल में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

भोपाल, 12 नवंबर. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर भोपाल जिले में निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस संबंध में अपर कलेक्टर महेंद्र कवचे और उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक पांडेय की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची और युक्तियुक्तकरण के बाद तैयार नई मतदान केंद्रों की सूची सौंपी गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में चल रही इस प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इस दौरान नागरिक अपना नाम जुड़वाने, नाम-पते में संशोधन कराने और अन्य त्रुटियों को ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का परीक्षण कर 28 दिसंबर तक निराकरण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से प्रारूप सूची में अपना नाम और विवरण जांचने तथा गलती होने पर निर्धारित समय में आवेदन करने की अपील की है।

Related Articles