दीपावली की सफाई अभियान जारी प्रदूषण कम करने सडक़ों और फुटपाथों पर पानी का छिडक़ाव, डिवाइडरों की धुलाई

-पौधों की सिंचाई भी की जा रही
भोपाल, 10 नवंबर. शहर में वायु गुणवत्ता सुधारने और धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए नगर निगम ने प्रमुख मार्गों पर पानी के छिडक़ाव और धुलाई का अभियान जारी रखा है. सफाई कार्य शुरू करने से पहले भी धूल-मिट्टी वाले स्थानों पर पानी डाला जा रहा है, ताकि सफाई के दौरान धूल न उड़े और नागरिकों के साथ सफाई मित्रों को भी राहत मिल सके. निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर मंगलवार को ट्रैक्टर माउंट, स्प्रे मशीन और जेट स्प्रे मशीनों की मदद से चार इमली, उपांत कॉलोनी, माता मंदिर से भारतमाता चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, कमला पार्क, राजा भोज सेतु, 45 बंगला और रोशनपुरा चौराहे सहित कई क्षेत्रों में छिडक़ाव और धुलाई की गई. अभियान के दौरान सडक़ों के साथ फुटपाथ, डिवाइडर, सेंट्रल वर्ज और साइड वर्ज की भी सफाई की गई. निगम के अनुसार, इन स्थानों पर पानी डालने से धूल उडऩे पर रोक लगती है. साथ ही डिवाइडरों और सडक़ किनारे लगे पौधों की सिंचाई भी हो जाती है. आयुक्त ने दीपावली के दौरान पटाखों से निकले कचरे पर भी पानी का छिडक़ाव करने तथा प्रमुख मार्गों की नियमित धुलाई और पौधों की सिंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. निगम का कहना है कि वायु गुणवत्ता में सुधार और शहर की स्वच्छता के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा.





