State

इटारसी में शिविर लगाकर 45 से अधिक रेल पेंशनरों के बनाए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल की ओर से रेल सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC 5.0) अभियान के तहत 10 नवंबर को इटारसी में विशेष शिविर लगाया गया। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में आयोजित इस शिविर में 45 से अधिक पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।

शिविर में पेंशनरों को प्रमाण पत्र बनवाने और जमा करने की सुविधा के साथ तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान एसबीआई के शाखा प्रबंधक सुजीत, सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन के रामशरण प्रजापति और याकूब अली मौजूद रहे। शिविर के आयोजन में इटारसी के सभी कल्याण निरीक्षकों ने सहयोग किया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत भोपाल मंडल के विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों को घर के नजदीक ही यह सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

Related Articles