बीना और नर्मदापुरम में एक दिन में 79 पेंशनभोगियों को मिली सुविधा, नवंबर में चल रहा विशेष अभियान
भोपाल। रेलवे के पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। डीएलसी अभियान 5.0 के तहत 1 से 30 नवंबर तक चल रहे अभियान में अब तक 751 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए जा चुके हैं।
इसी कड़ी में मंगलवार को बीना और नर्मदापुरम में शिविर आयोजित किए गए। दोनों जगह एक ही दिन में 79 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।
बीना में भारतीय स्टेट बैंक में लगाए गए शिविर में 47 पेंशनभोगियों के प्रमाण पत्र जनरेट किए गए। इसमें रेलवे के वेलफेयर इंस्पेक्टर विविध सोनी और अंकित सिंह तथा लेखा विभाग के एसएसओ एसके शुक्ला ने सहयोग किया।
वहीं, नर्मदापुरम के मीनाक्षी चौक स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में आयोजित शिविर में 32 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए। यहां कुनाल बुंदेल, संजीव अवस्थी और लेखा विभाग के सीएल कुरील मौजूद रहे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा से पेंशनभोगियों को प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया आसान हो रही है। भोपाल मंडल में अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाकर अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को इस सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
