डीजीपी की नसीहत- सबकी सुनें, फैसला वही करें जो सही हो; मलय जैन बालाघाट के नए एसपी बने

पुलिस मुख्यालय में विदाई एवं सम्मान समारोह, कैलाश मकवाणा ने स्मृति चिह्न भेंट कर दी शुभकामनाएं; जनसुनवाई और पुलिसकर्मियों के मनोबल को बनाए रखने पर दिया जोर

भोपाल, 6 नवंबर। बालाघाट के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मलय जैन को नई जिम्मेदारी संभालने से पहले पुलिस मुख्यालय में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित कर शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान डीजीपी ने उन्हें सलाह दी कि अधिकारी को सभी की बात सुननी चाहिए, लेकिन निर्णय तथ्यों और नियमों के आधार पर वही लेना चाहिए जो सही हो।

डीजीपी मकवाणा ने बताया कि दिसंबर 2024 में मलय जैन को अपना स्टाफ ऑफिसर नियुक्त करते समय उनकी ईमानदारी, मेहनत और विवादों से दूर रहने वाली कार्यशैली को ध्यान में रखा गया था। उन्होंने जनसुनवाई के आवेदनों की नियमित निगरानी और उनकी प्रगति की ट्रैकिंग के साथ अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल पुरस्कृत करने की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखना चुनौती

मकवाणा ने बालाघाट में अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए बताया कि करीब 32 साल पहले जिले में संचार सुविधाओं का अभाव था। घने जंगलों में लंबी पैदल गश्त करनी पड़ती थी और बारूदी सुरंगों जैसे गंभीर खतरे भी रहते थे। पुलिसकर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में काम किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के लगातार प्रयासों से अब जिले में नक्सली समस्या समाप्त हो चुकी है। ऐसे में पुलिस बल का मनोबल बनाए रखना और सतर्कता बरकरार रखना नए एसपी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

जनसुनवाई और संवेदनशील व्यवहार की सराहना

समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने मलय जैन के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उनकी सहज कार्यशैली, धैर्य, टीम भावना और आम लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने के व्यवहार की सराहना की गई।

पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना के दौरान जैन ने मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन, नशे के खिलाफ ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान, साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक’, नवीन न्याय संहिता की प्रदर्शनी और जनसुनवाई जैसे कार्यों में योगदान दिया। वे सागर, नर्मदापुरम, टीकमगढ़ और हरदा में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा एआईजी प्रशासन और पुलिस अकादमी में उप निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बालाघाट में सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version