कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष का निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन

निगम मुख्यालय के गेट लटकाया बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता
भोपाल, 12 नवंबर. स्वच्छता सर्वेक्षण में कभी देशभर में दूसरा स्थान हासिल करने वाली राजधानी भोपाल इस बार रैंकिंग में जगह नहीं बना सकी। इस नाकामी पर गुरुवार को कांग्रेसियों ने नगर निगम मुख्यालय पर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप मोनू सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेसी बेशर्म के पौधे लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मुख्यालय के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने मुख्य गेट पर ही बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता बनाकर लटका दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप मोनू सक्सेना सक्सेना ने कहा कि सालों की मेहनत से भोपाल देश का दूसरा सबसे साफ शहर बना था और इस बार नंबर-1 की उम्मीद थी, लेकिन निगम की लापरवाही ने शहरवासियों के अरमानों पर पानी फेर दिया।कांग्रेसियों ने भोपाल की बदहाल कचरा व्यवस्था के लिए आदमपुर छावनी खंती को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि यहां करीब 5 लाख टन पुराना कचरा जमा है, जिसका निपटान अब तक नहीं हो सका है। इसी मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। सक्सेना ने कहा कि भानपुर खंती के कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान कर भोपाल ने स्वच्छता में बड़ी उपलब्धि हासिल की थी, लेकिन आदमपुर की समस्या ने शहर की छवि बिगाड़ दी। गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में भोपाल 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 12,067 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर था। कांग्रेस ने शुक्रवार को महापौर के बंगले और गाड़ी पर भी बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता देने की घोषणा की है।





