सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं से अभद्रता करने वालों पर कार्रवाई की मांग

भोपाल। भारतीय मानवाधिकार पार्टी ने शासकीय अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकनाथ चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष अरुण वर्मा, महासचिव ओपी सोनी और सचिव राजू अवस्थी ने कहा कि प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाली महिलाओं को कई बार कर्मचारियों के दुर्व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। इससे महिलाएं सरकारी अस्पतालों के बजाय निजी अस्पतालों में प्रसव कराने को मजबूर होती हैं, जहां उन्हें लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
पार्टी पदाधिकारियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों से मांग की है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने प्रसूति वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की, ताकि शिकायतों की जांच निष्पक्ष तरीके से हो सके और भविष्य में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





