भोपाल। राजधानी के ऐतिहासिक बड़ी झील किनारे स्थित बोट क्लब क्षेत्र को पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए वेंडर्स से 30 किलोग्राम पॉलीथिन, सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल सामग्री जब्त की।
नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग करने वाले 15 व्यवसायियों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई करते हुए कुल 5 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बड़ी झील के पर्यावरण संरक्षण पर जोर
नगर निगम आयुक्त ने स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए बड़ी झील के किनारे बोट क्लब क्षेत्र में पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए हैं।
इन निर्देशों के पालन में निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बोट क्लब क्षेत्र में वेंडर्स की जांच की। इस दौरान खाद्य सामग्री परोसने और पैकिंग में इस्तेमाल की जा रही पॉलीथिन, प्लास्टिक सामग्री और थर्माकोल के सामान को जब्त किया गया।
वैकल्पिक सामग्री अपनाने की अपील
निगम अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान वेंडर्स को समझाइश दी कि वे पॉलीथिन, सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल की जगह पर्यावरण अनुकूल वैकल्पिक सामग्री का उपयोग करें।
अधिकारियों ने कहा कि बड़ी झील शहर की पहचान है और इसके आसपास स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। निगम ने व्यवसायियों से सहयोग की अपील करते हुए चेतावनी दी कि प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग करने पर आगे भी जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी।
