भोपाल में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई तेज, ठेले-गुमठी सहित अवैध निर्माण पर कार्रवाई

भोपाल। शहर में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में अवैध ठेले, गुमठी, पान पार्लर, दुकानों के बाहर रखा सामान, अवैध शेड और अन्य सामग्री हटाई।

कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने ठेले, पान पार्लर, गुमठी, लोहे के पाइप, जाली, होर्डिंग, टीन की चादर, लकड़ी के पटिए, मुर्गे के पिंजरे सहित अन्य सामान जब्त किया। इसके साथ ही भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई में सहयोग करते हुए रायसेन रोड हथाईखेड़ा स्थित गुप्ता कॉलोनी क्षेत्र में एक अवैध निर्माण कार्य भी रुकवाया गया।

हेल्पलाइन शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए कार्रवाई की।

निगम की टीम ने माता मंदिर, नेहरू नगर, रंगमहल, न्यू मार्केट, इंडियन कॉफी हाउस क्षेत्र, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, मनीषा मार्केट, शाहपुरा, 1100 क्वार्टर, एमपी नगर जोन-1, आईएसबीटी, अप्सरा टॉकीज, हथाईखेड़ा, रत्नागिरी चौराहा सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया।

इसके अलावा निजामुद्दीन रोड, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6, नादरा बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज, सिंधी कॉलोनी, बुधवारा, रेतघाट, रविंद्र भवन, कोहेफिजा, लालघाटी, बैरागढ़, गांधीनगर और भानपुर चौराहा क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाए गए।

रास्ते से हटाया अवरोध, अवैध दुकानों पर कार्रवाई

निगम अमले ने लालघाटी गुफा मंदिर रोड स्थित ग्रीन एकर कॉलोनी में बंद किए गए गेट को खुलवाकर रास्ता चालू कराया। वहीं लालघाटी भारत पेट्रोल पंप के पास संचालित अवैध पटाखा दुकान को हटाया गया।

प्रभात चौराहे से मंडी चौराहे तक कार्रवाई करते हुए एक आइसक्रीम गाड़ी, 10 सब्जी दुकानों और 10 ठेलों को हटाया गया। शाहपुरा क्षेत्र में मकानों के सामने नालियों पर रखी फर्शियां तथा मनीषा मार्केट ईश्वर सिंह चौराहा क्षेत्र में नाली पर रखा तखत भी हटाया गया।

सामान किया जब्त

कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने:

– 1 ठेला
– 1 पान पार्लर
– 1 गुमठी
– 4 लोहे की टेबल
– 15 छोटे-बड़े पाइप
– 2 लोहे की जाली
– 4 बड़े होर्डिंग
– 1 टीन की चादर और 9 चादर के टुकड़े
– 1 लकड़ी का पटिया
– 1 मुर्गे का पिंजरा

सहित अन्य सामग्री जब्त की।

निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे, अतिक्रमण और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version