वैशाली नगर में अब तक पानी के 57 नमूनों की जांच, निगम ने बताया शुद्ध

भोपाल। वैशाली नगर में दूषित पेयजल की शिकायतों के बीच नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मंगलवार को अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने जलकार्य विभाग के अधिकारियों और जल परीक्षण टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम की ओर से दिए जा रहे पानी के नमूने लेकर मौके पर ही जांच कराई गई। निगम के अनुसार, जांच में पानी साफ पाया गया। नमूनों में दुर्गंध नहीं मिली और रेसीड्यूअल क्लोरीन की मात्रा भी पर्याप्त रही।

निगम के मुताबिक, वैशाली नगर में अब तक कुल 57 पानी के नमूने एकत्र कर उनकी जांच कराई जा चुकी है। मंगलवार को 15 नमूनों का परीक्षण किया गया। अपर आयुक्त ने स्थानीय रहवासियों से भी चर्चा की। निगम के अनुसार, रहवासियों ने उन्हें स्वच्छ पेयजल मिलने की बात कही। अधिकारियों को नियमित रूप से पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, निगम के यांत्रिक विभाग ने वैशाली नगर में डामर की सड़कों पर पेचवर्क और री-कारपेटिंग का काम भी शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version