वायु प्रदूषण रोकने सभी विभाग मिलकर करें काम : कलेक्टर

निर्माण स्थलों पर धूल रोकने स्प्रिंकलर और ग्रीन नेट अनिवार्य, कचरा-पत्तियां जलाने वालों पर सख्ती के निर्देश

भोपाल। शहर में वायु प्रदूषण कम करने और वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। नागरिकों को भी प्रदूषण में कमी का सकारात्मक बदलाव महसूस होना चाहिए। यह निर्देश जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) की समीक्षा बैठक में दिए। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार की मौजूदगी में अटल भवन स्थित निगम मुख्यालय में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए जिम्मेदारी तय कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने मेट्रो रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और थिंक गैस सहित निर्माण कार्य करा रहे विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए स्प्रिंकलर से नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए। निर्माण कार्यों में ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे धूल कम से कम फैले। निर्माणाधीन भवनों पर ग्रीन नेट लगाना अनिवार्य किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई तेज की जाए।

सड़क और रेलवे ट्रैक की सफाई पर जोर

कलेक्टर ने सड़क किनारे पड़े सीएंडडी वेस्ट को तत्काल हटाने, रोड स्वीपिंग वाहनों का प्रभावी संचालन करने और सशुल्क सफाई सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशनों और रेलवे ट्रैक के किनारे भी बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। मेट्रो रेल निर्माण कार्यों की निगरानी करने और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों का पालन कराने के निर्देश दिए।

कचरा और ईंधन जलाने वालों पर कार्रवाई

कलेक्टर ने कचरा, सूखी पत्तियां, सिगड़ी, भट्टी और पराली जलाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। सिगड़ी, भट्टी और तंदूर जलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने को कहा। बल्क वेस्ट जनरेटर्स के पंजीयन की प्रक्रिया प्रभावी बनाने और ठंड के मौसम में प्रदूषण रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में भोपाल पुलिस, भोपाल विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत, वन विभाग, स्मार्ट सिटी, पश्चिम मध्य रेलवे, एनएचएआई, भोपाल मेट्रो, लोक निर्माण विभाग, आरटीओ, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, खाद्य विभाग, उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version