कलियासोत डेम के पास चाकू की नोक पर चार लोगों से लूटी थीं चेन, तीन आरोपी गिरफ्तार

150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, पांच लाख रुपए का माल बरामद

भोपाल। रातीबड़ पुलिस ने कलियासोत डेम के पास चार लोगों से चाकू की नोक पर सोने-चांदी की चेन लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 14 नवंबर को अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे चार लोगों को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने की चेन, एक चांदी की चेन और एक आर्टिफिशियल चेन बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू भी जब्त किया गया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, संसृति अपने दोस्त ख्याति, वंश और देव के साथ 14 नवंबर को कार से कलियासोत डेम के पास घूमने गई थीं। रात करीब 9 बजे चारों कलियासोत मैदान में पहुंचे और कार से उतरकर पटाखे फोड़ने के बाद बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक ने चाकू के हत्थे से देव के कंधे पर वार किया। इसके बाद तीनों ने चारों को घेर लिया और गले की चेन उतारने को कहा। विरोध करने पर चाकू मारने की धमकी दी और चारों के गले से चेन छीनकर फरार हो गए।

शिकायत पर रातीबड़ थाने में लूट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल के निर्देश पर थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा के नेतृत्व में तीन टीमें बनाई गईं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए कोलार, चूनाभट्टी और कमलानगर के प्रमुख रास्तों और चौराहों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी संसाधनों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम सिंह ठाकुर (22), निवासी ओम नगर कोलार, सौरभ रामटेक (21), निवासी हैवेल्स पार्क कोलार और रामपाल सिंह (28), निवासी नेहरू नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले से भी मारपीट, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा सहित तीन पुलिस टीमों के सदस्यों की भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम को पुरस्कृत किया है।

Exit mobile version