-स्वीकृत मामलों का एक सप्ताह में हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश
भोपाल, 23 नवंबर. शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बैंकों में लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का 15 दिन में निराकरण कर हितग्राहियों को लाभ देने और स्वीकृत मामलों का वितरण एक सप्ताह में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने की। उन्होंने बैंकवार प्राप्त प्रकरणों, उनके निराकरण और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की। इस दौरान कई बैंकों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रकरण लक्ष्य के अनुरूप निराकृत नहीं होने पर नाराजगी जताई। सीईओ ने कहा कि स्वीकृत प्रकरणों का वितरण एक सप्ताह में किया जाए, जबकि लंबित मामलों का 15 दिन में निराकरण कर हितग्राहियों को लाभ दिया जाए। विभागीय अधिकारी बैंकों में भेजे गए प्रकरणों की लगातार निगरानी करें। बैंक और विभागीय अधिकारी संयुक्त रूप से प्रकरणों की जांच करें तथा दस्तावेजों की कमी होने पर संबंधित विभाग उसे पूरा करवाए। बैठक में पशुपालन, मत्स्य पालन, स्व-सहायता समूह, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के प्रकरणों की समीक्षा की गई। सीईओ ने एलडीएम को बैंकों से लक्ष्य के अनुरूप प्रकरणों का निराकरण कराने और टीएल बैठक में वितरण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
