35 साल पुरानी बस्ती के 599 में मकान ढहाए
-सुबह 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम 3:30 बजे तक चली
-20 जेसीबी और सात पोकलेन से ढहाए मकान
-कार्रवाई में 12 सौ अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे
-बेघर परिवारों के सामने रहने का संकट
भोपाल, 23 नवंबर. ऐशबाग के जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह 6 बजे बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। करीब 35 साल से आबाद इस बस्ती की तस्वीर साढ़े नौ घंटे में बदल गई। शाम 3:30 बजे तक 600 में से 599 मकान ढहा दिए गए। एक मकान को छोडक़र पूरा परिसर मलबे में तब्दील हो गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। मकान टूटने के बाद कई परिवारों के सामने अब रहने का ठिकाना तलाशने का संकट खड़ा हो गया है। कार्रवाई के लिए मौके पर दो पुलिस उपायुक्त, दो अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, छह सहायक पुलिस आयुक्त, 18 निरीक्षक सहित करीब 800 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मकान ढहाने के लिए 20 जेसीबी और सात पोकलेन मशीनें लगाई गईं। नगर निगम के 300 कर्मचारियों के साथ हाउसिंग बोर्ड के करीब 150 अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्रवाई के समय ज्यादातर मकान खाली थे। जनता क्वार्टर के कुल 600 मकानों में 490 पर अवैध कब्जे थे, जबकि 110 मकान वैध आवंटियों के थे। प्रशासन के अनुसार वैध आवंटियों को किराया दिया जाएगा, जबकि अवैध कब्जेदारों को मुआवजा नहीं मिलेगा।
-2016 में खतरनाक घोषित, आठ साल तक नहीं खाली हुए मकान
जनता क्वार्टर के करीब 600 भवनों को मई 2016 में जर्जर और खतरनाक घोषित किया गया था। वर्ष 2018 में रहवासियों को नोटिस दिए गए, लेकिन मकान खाली नहीं हुए। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड ने अंतिम नोटिस जारी कर 13 नवंबर तक सामान हटाने के निर्देश दिए थे। 14 नवंबर को प्रस्तावित कार्रवाई रहवासियों के विरोध और पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने के कारण टाल दी गई थी। उस दौरान विरोध के बीच तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था के साथ कार्रवाई शुरू की गई और कुछ ही घंटों में पूरी बस्ती ढहा दी गई।
-सामान गाड़ी में, परिवार के सामने छत का संकट
मकान टूटने के बाद रहवासियों की परेशानी सामने आई। लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे थे और मकान तोडऩे से पहले घर देने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब उनके पास रहने की जगह नहीं है। उन्होंने विस्थापित परिवारों को कम से कम किराया देने की मांग की। ऑटो चलाकर परिवार पालने वाले आशिक मियां ने बताया कि उनका सामान परिचित के यहां रखा है। ऐसे में चार से पांच हजार रुपए किराया देना भी मुश्किल है।
ऐशबाग के जनता क्वार्टर में ध्वस्त 599 मकानों में से 110 के मूल आवंटी हैं। इन्हें पुनर्विकास नीति-2022 के तहत 20 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल वाले नए ईडब्ल्यूएस आवास मिलेंगे। बाकी मकानों पर अवैध कब्जेदार थे, जिन्हें लाभ नहीं मिलेगा। हाउसिंग बोर्ड यहां आधुनिक सुविधाओं वाले बहुमंजिला परिसर और पार्क विकसित करेगा। कार्रवाई से पहले मकानों की जांच कर उन्हें खाली होने की पुष्टि की गई थी।
-कांग्रेस नेता को घर में रोका
कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह करीब 8 बजे उनके घर में ही रोक लिया गया। बाद में उन्हें अशोका गार्डन थाने में बैठाया गया। उन्होंने वैकल्पिक आवास दिए बिना मकान तोडऩे की कार्रवाई को गलत बताया।
