State

पुल बोगदा मामला : अवैध निर्माण मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक गुहार, नहीं हो रही सुनवाई

भोपाल, 12 नवंबर. अवैध निर्माण की शिकायत लेकर रहवासी नगर निगम से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक गुहार लगा चुका है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक केवल शिकायत का स्तर बढ़ता नजर आ रहा है। मामला पुल बोगदा स्थित अशोक नगर में काली मंदिर के पास मकान नंबर-6 का है। रहवासी विवेक नामदेव ने आरोप लगाया है कि यहां लक्ष्मी शाक्य, पति धीरज शाक्य द्वारा बिना अनुमति और स्वीकृत नक्शे के निर्माण कराया जा रहा है। इससे आसपास के लोगों के आवागमन का रास्ता बाधित होने और जल निकासी की समस्या पैदा होने की आशंका है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम के जोन-12 के अधिकारियों को शिकायत देकर मौके पर जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
-जुलाई से अगस्त तक शिकायतकर्ता लगाता रहा गुहार
नगर निगम स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई। हेल्पलाइन के रिकॉर्ड के अनुसार 30 जुलाई और 7 अगस्त 2026 को भी शिकायतकर्ता ने कार्रवाई नहीं होने की बात दोहराई। इसके बाद 13 अगस्त को शिकायत निराकरण के लिए एल-2 अधिकारी को भेजी गई। रिकॉर्ड में दर्ज है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने के कारण शिकायत को उच्च स्तर पर स्थानांतरित किया जा रहा है। रहवासी निर्माण की वैधता की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles