
भोपाल । भोपाल जिला प्रशासन की गतिविधियों में तेज़ी लाते हुए कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण पर निकले। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्मार्ट सिटी को देखा और अधिकारियों को ज़रूरी दिशा-निर्देश दिए।
स्मार्ट सिटी परियोजना का अवलोकन – तुलसी नगर बिल्डिंग साइट पर पहुंचे कलेक्टर
श्री सिंह ने सबसे पहले तुलसी नगर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बन रही बहुउद्देश्यीय सरकारी इमारत का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर मौजूद इंजीनियरों और स्मार्ट सिटी अधिकारियों से कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समयसीमा में परियोजना पूर्ण की जाए।
संजीवनी क्लीनिक और आंगनवाड़ी केंद्रों का भी लिया जायजा
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी संजीवनी क्लीनिकों की भी व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण, महिला स्वास्थ्य और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
संजीवनी क्लीनिकों में उपलब्ध दवाएं, जांच सुविधाएं और डॉक्टरों की उपस्थिति की भी जांच की गई। उन्होंने उपस्थित मेडिकल स्टाफ से बातचीत कर वास्तविक चुनौतियों को जाना और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दी सख़्त चेतावनी – हर विभाग समयसीमा में कार्य पूर्ण करें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि भोपाल शहर में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं, और स्वास्थ्य सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को कार्य की गति और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।