भोपाल। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना छोला मंदिर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा करीब 84.75 लीटर और कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 संजीव कुमार पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त निशातपुरा अक्षय चौधरी के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी छोला मंदिर निरीक्षक सरस्वती तिवारी के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक मातादीन अहिरवार और सहायक उप निरीक्षक विनिता छिब्बर की टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना पर भानपुर गोलंबर में घेराबंदी
पुलिस के अनुसार थाना छोला मंदिर में दर्ज अपराध क्रमांक 562/2026 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। 20 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की वैगनआर कार में अवैध शराब लेकर एक व्यक्ति भानपुर गोलंबर की ओर से निकलने वाला है।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम भानपुर गोलंबर चौराहे पर पहुंची और संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने कार भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
कार से मिली 10 पेटी अंग्रेजी शराब
पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम अखिलेश कुमार आर्य (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-2, मेन रोड सांची, थाना सांची, जिला रायसेन बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से अंग्रेजी शराब की 10 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी से शराब परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
वाहन और शराब जब्त
कार में रखी अवैध शराब और परिवहन में उपयोग किए गए वाहन को जब्त कर थाने लाया गया। जब्त माल को नियमानुसार मालखाने में सुरक्षित जमा कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
छोला मंदिर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस ने आगे भी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।