600 से अधिक लोगों से बातचीत और 250 से ज्यादा प्रक्रियाओं के आधार पर हुआ अध्ययन, मृत्यु के बाद संतान प्राप्ति के लिए नियम बनाने की जरूरत बताई
भोपाल। मृत्यु के बाद भी पुरुष के शुक्राणु सुरक्षित निकालकर भविष्य में संतान प्राप्ति की संभावना बनाई जा सकती है। इस विषय पर एम्स भोपाल के शोध को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। संस्थान के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार विदुआ को उनके शोध के लिए पंजाब एकेडमी ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी के 26वें वार्षिक सम्मेलन पैफमैटकॉन-2026 में सम्मानित किया गया।
शोध का विषय ‘भारत में मरणोपरांत शुक्राणु निकालने के नियमन की आवश्यकता: नैतिक, कानूनी एवं फॉरेंसिक विचार’ है। इसमें मृत्यु के बाद पुरुष के शरीर से शुक्राणु निकालने की प्रक्रिया और उससे भविष्य में संतान प्राप्ति की संभावनाओं का अध्ययन किया गया है।
आईसीएमआर से वित्त पोषित इस शोध में 600 से अधिक लोगों से बातचीत की गई और 250 से ज्यादा शुक्राणु निकालने की प्रक्रियाएं की गईं। अध्ययन में शुक्राणु प्राप्त करने में सफलता मिली। कुछ मामलों में मृत्यु के 24 घंटे बाद भी यह प्रक्रिया अपनाई गई।
सहमति सबसे अहम सवाल
शोध में सामने आया कि भारत में मृत्यु के बाद शुक्राणु निकालने और उसके इस्तेमाल को लेकर कोई विशेष नियामक व्यवस्था नहीं है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण सवाल मृत व्यक्ति की सहमति का है। शोधकर्ताओं के अनुसार, व्यक्ति की जीवित अवस्था में दी गई लिखित सहमति के आधार पर ही यह प्रक्रिया होनी चाहिए। सहमति नहीं होने पर पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच विवाद की स्थिति बन सकती है।
यह शोध डॉ. विदुआ के साथ डॉ. अर्नीत अरोड़ा और प्रोफेसर अश्वनी टंडन ने किया है। शोधकर्ताओं ने इस विषय पर स्पष्ट नियम बनाने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों, कानूनविदों और नीति निर्माताओं के संयुक्त प्रयास की जरूरत बताई है।
