फतेहपुर में बालाजी मंदिर में दोहरा हत्याकांड: नशेड़ी युवक ने पुजारी की ईंट से हत्या की, सेवादार की भी गई जान

फतेहपुर, । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा गांव स्थित बालाजी मंदिर में मंगलवार तड़के हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में भय और सनसनी फैल गई है। नशे का आदी एक दलित युवक राजू पासवान ने मंदिर में सो रहे 65 वर्षीय पुजारी कृष्ण गोविंद तिवारी उर्फ धुन्ना की ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। पुजारी को बचाने दौड़े सेवादार अवधेश प्रजापति (48 वर्ष) को भी आरोपी ने बेरहमी से घायल कर दिया, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हत्या के पीछे नशा और रंजिश का कड़वा सच
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अक्सर मंदिर में पुजारी के साथ गांजा पीता था। कुछ दिन पहले पुजारी ने उसे नशा करने से मना किया, जिससे नाराज होकर उसने इस निर्मम हत्या को अंजाम दिया। थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
गांव में मातम और आक्रोश, सुरक्षा की मांग
गांववालों ने बताया कि राजू पासवान मानसिक रूप से असंतुलित और हिंसक स्वभाव का है। उस पर पहले भी झगड़े और उत्पात के आरोप लगे हैं। मंदिर परिसर में अक्सर उसका आना-जाना रहता था और पुजारी को तंग करने की शिकायतें भी मिलती रही थीं।
मंगलवार शाम पुजारी का अंतिम संस्कार भिटौरा घाट पर पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। वहीं, अवधेश प्रजापति का अंतिम संस्कार बुधवार को उनके गांव में किया जाएगा।
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा, भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में सीसीटीवी और चौकीदार की तैनाती की मांग करते हुए आरोपी को फांसी जैसी सजा देने की मांग की है।





