बड़वानी में आधा बीघा खेत में उगा रखे थे गांजे के 627 पौधे, कीमत 58.60 लाख

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत बड़वानी जिले में गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया है। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम पलासपानी के सूलिया फलिया में पुलिस ने दबिश देकर 627 हरे गांजे के पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 586 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 58 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल के किनारे स्थित एक खेत में गांजे की खेती की जा रही है। इसके बाद सेंधवा ग्रामीण पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। करीब आधा बीघा जमीन पर गांजे के पौधे लगाए गए थे। पौधों की ऊंचाई लगभग छह फीट थी।
पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर खेत से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई इंदौर ग्रामीण जोन के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग और निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद के निर्देशन में तथा बड़वानी के प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। साथ ही लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।





