State

50 साल से लंबित आरा मशीनों की शिफ्टिंग शुरू, पहले दिन 10 हटाईं

मेट्रो की राह में आ रहे आरा मशीनों के अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई, 108 मशीनों को किया जाना है शिफ्ट

भोपाल। शहर में करीब 50 साल से लंबित आरा मशीनों की शिफ्टिंग शनिवार से शुरू हो गई। पुल पातरा की ओर से प्रशासनिक अमले ने सुबह करीब 10 बजे कार्रवाई शुरू की, जो देर रात तक जारी रही। पहले दिन मेट्रो ट्रेन की लाइन के आड़े आ रही करीब 10 आरा मशीनों को हटाकर पलवलिया सड़क क्षेत्र में 18 एकड़ जमीन पर विकसित किए जा रहे स्थान पर शिफ्ट किया गया।

कार्रवाई के दौरान शहर वृत्त के एसडीएम लाखन सिंह चौधरी, पांच तहसीलदार, पांच नायब तहसीलदार, 15 पटवारी, नगर निगम और मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

एसडीएम लाखन सिंह चौधरी ने बताया कि आरा मशीन संचालकों को पहले नोटिस देकर शिफ्टिंग के लिए समय दिया गया था। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी संचालकों ने स्वयं शिफ्टिंग शुरू नहीं की। ऐसे में प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। पहले उन आरा मशीनों को हटाया गया, जहां मेट्रो का काम प्राथमिकता से किया जाना है। आरा मशीनों के कारण मेट्रो निर्माण की गति प्रभावित हो रही थी।

संचालकों ने किया विरोध, बाद में सहयोग

कार्रवाई के दौरान कुछ आरा मशीन संचालकों ने विरोध किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें बताया कि शिफ्टिंग के लिए पहले ही समय दिया जा चुका है और मेट्रो का काम प्रभावित हो रहा है। छोटा रातीबड़ में शिफ्टिंग के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके बाद संचालकों ने कार्रवाई में सहयोग करना शुरू कर दिया।

तीन से चार बड़ी आरा मशीनों को शिफ्ट करने के लिए चार से पांच दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन मशीनों का क्षेत्र बड़ा है और लकड़ियों की मात्रा अधिक होने के कारण तत्काल शिफ्टिंग संभव नहीं है।

108 आरा मशीनों की होगी शिफ्टिंग

प्रशासन के अनुसार, कुल 108 आरा मशीनों को शिफ्ट किया जाना है। इनमें करीब 40 आरा मशीनों को छोटा रातीबड़ में स्थानांतरित किया जाएगा। शिफ्टिंग का दूसरा चरण भी तैयार किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो निर्माण में बाधा बन रही आरा मशीनों की शिफ्टिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles