State

32 साल की सेवा के बाद पंचायत सचिव जमुना प्रसाद मीणा सेवानिवृत्त

जनपद पंचायत फंदा में पगड़ी बांधकर, शाल-श्रीफल भेंट कर दी भावभीनी विदाई

भोपाल। जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायत वडझिरी के सचिव जमुना प्रसाद मीणा शनिवार को 32 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर जनपद पंचायत फंदा कार्यालय में सीईओ श्रीमती शिवानी मिश्रा द्वारा आयोजित विदाई समारोह में उन्हें पगड़ी बांधकर, शाल-श्रीफल भेंट कर और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।

जमुना प्रसाद मीणा ने अपने 32 वर्ष के सेवाकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत विभाग के माध्यम से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके सेवानिवृत्त होने पर जनपद पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायत सचिवों ने उनके योगदान को याद किया।

विदाई समारोह के बाद साथियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें फूलों से सजी जीप में बैठाकर खुशी-खुशी कार्यालय से उनके गांव स्थित निवास के लिए रवाना किया। इस दौरान सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अशोक मीना, जनपद के अधिकारी दिलीप कुमार शिंदे, सतीश चौरसिया सहित पंचायत सचिव दशरथ दास बेषणब, ओम प्रकाश शर्मा, मस्तान मारण, राजेश तिलक, दीपक श्रीवास्तव, विमल तिवारी, मंसाराम मीणा और अनार सिंह वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनपद के अधिकारी-कर्मचारी एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

Related Articles