मध्यप्रदेश पुलिस में 2673 नए पद स्वीकृत, थानों की संख्या बढ़कर 1175 हुई

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के स्वीकृत बल में वर्ष 2025 के दौरान 2673 नए पदों की वृद्धि हुई है। वहीं, प्रदेश में पुलिस थानों की संख्या 1173 से बढ़कर 1175 हो गई है। पुलिस वाहनों की संख्या में भी 50 का इजाफा हुआ है। अब प्रदेश पुलिस के पास कुल 1200 वाहन हैं।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में मध्यप्रदेश पुलिस की ‘सांख्यिकी डाटा पुस्तिका-2025’ का विमोचन किया। इस पुस्तिका में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं। इसमें पुलिस संगठन की संरचना, स्वीकृत पदों, संसाधनों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई है।
स्वीकृत पदों में हुई वृद्धि में तकनीकी सेवाओं (एफएसएल) के 1266, पुलिस बैंड के 932, हॉक फोर्स के 325 और जिला बल उज्जैन के 150 पद शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस के आवासीय संसाधनों और डायल-112 सेवा से जुड़े आंकड़ों को भी अपडेट किया गया है।
पुस्तिका में दोहराव वाले आंकड़ों को हटाकर महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल और व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इसका डिजिटल संस्करण मध्यप्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
डीजीपी मकवाणा ने कहा कि यह पुस्तिका पुलिस संगठन की क्षमता और संसाधनों की स्थिति समझने के साथ भविष्य की कार्ययोजनाएं और नीतिगत निर्णय तैयार करने में उपयोगी होगी। विमोचन के दौरान एडीजी योजना योगेश चौधरी, आईजी अभय सिंह, डीआईजी विनीत कपूर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





