अप्रैल से अक्टूबर तक मिलीं अनियमितताएं, इटारसी में एक स्टॉल बंद कराया; अवैध वेंडरों के खिलाफ 1165 मामले दर्ज
भोपाल। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भोपाल मंडल में खानपान इकाइयों की जांच की जा रही है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कैटरिंग इकाइयों के 219 निरीक्षण किए गए। इस दौरान मिली अनियमितताओं पर रेलवे प्रशासन ने 4 लाख 3 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, खानपान इकाइयों में गड़बड़ियों के साथ ही अवैध वेंडरों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ संयुक्त अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इटारसी स्टेशन पर शिकायतों और अनियमितताओं के आधार पर एक स्टॉल को बंद कराया गया।
इटारसी स्टेशन पर रेलवे जन विश्वास अधिनियम की धारा 144, 145 और 147 के तहत विशेष अभियान चलाकर 1165 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में 4 लाख 21 हजार 35 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में भोपाल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने जन विश्वास अधिनियम के तहत कुल 5700 मामलों में कार्रवाई की है। इन मामलों में 85 लाख 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधाएं देने के साथ खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अवैध वेंडरों और अनियमितताओं के खिलाफ निरीक्षण व जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
