कोटा स्टेशन पर 15 दिन का ब्लॉक, भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का बदलेगा रास्ता

23 नवंबर से 7 दिसंबर तक प्लेटफॉर्म-2 पर निर्माण कार्य, कोटा की जगह सोगरिया स्टेशन पर रुकेंगी ट्रेनें

भोपाल। कोटा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 23 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 15 दिन का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान भोपाल-जोधपुर और जबलपुर-अजमेर सहित चार एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। परिवर्तित मार्ग से चलने वाली इन ट्रेनों का कोटा की जगह सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक सोगरिया-चंबल केबिन-गुरला मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन सोगरिया स्टेशन पर रात 2:10 बजे पहुंचेगी और 2:20 बजे रवाना होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस गुरला-चंबल केबिन-सोगरिया होकर चलेगी। इसका सोगरिया में रात 11:30 बजे आगमन और 11:40 बजे प्रस्थान होगा।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 12181 जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक बदले मार्ग से चलेगी। इसका सोगरिया में सुबह 6:35 बजे ठहराव रहेगा। वहीं, गाड़ी संख्या 12182 अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह रात 9:50 बजे सोगरिया पहुंचेगी और 10 बजे रवाना होगी।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के मार्ग और ठहराव की जानकारी एनटीईएस, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 से लेने की अपील की है।

Exit mobile version