विजय शर्मा | भोपाल
भोपाल नगर निगम के वार्ड क्रमांक 51 में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर रहवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। सबसे गंभीर स्थिति शाहपुरा सी-सेक्टर स्थित भगवान परशुराम वाटिका की है, जहां कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से पार्क के दोनों गेटों पर ताला लगाकर कब्जा कर लिया गया है। इसका नतीजा यह है कि बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग पार्क में प्रवेश तक नहीं कर पा रहे हैं। दूसरी ओर अभिनंदन पार्क का टेंडर होने के बावजूद विकास कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा।
भगवान परशुराम वाटिका पर ताला, बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार भगवान परशुराम वाटिका का निर्माण बच्चों और बुजुर्गों के लिए किया गया था। पार्क में झूले, फिसलपट्टी और बैठने के लिए कुर्सियां भी लगाई गई थीं, लेकिन वर्षों से देखरेख नहीं होने के कारण सभी उपकरण जंग खा रहे हैं। पार्क के भीतर खरपतवार और झाड़ियां इतनी बढ़ चुकी हैं कि वहां जहरीले कीड़े-मकोड़ों का डर बना रहता है। आसपास लगे बड़े पेड़ों की समय पर छंटाई नहीं होने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
अभिनंदन पार्क का टेंडर, लेकिन काम शुरू नहीं
रहवासियों का कहना है कि अभिनंदन पार्क का टेंडर जारी होने के बावजूद अब तक निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम शुरू नहीं हुआ है। पार्क में लगी ओपन जिम की मशीनें खराब होकर बेकार पड़ी हैं। उचित रखरखाव नहीं होने से यहां असामाजिक गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं।
वार्ड की सड़कें, नालियां और सफाई व्यवस्था बदहाल
वार्ड 51 के बाबा नगर, त्रिलंगा, जीवन नगर, गुलमोहर कॉलोनी और शाहपुरा सी-सेक्टर सहित कई इलाकों में सड़कें जर्जर हैं। कई स्थानों पर महीनों से झाड़ू नहीं लगी है, जिससे सड़कों पर कचरा जमा रहता है। नालियां गंदगी से भरी हैं और बारिश के दौरान गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। कई क्षेत्रों में सीवेज लाइन जाम होने की शिकायतें भी लंबे समय से बनी हुई हैं।
रहवासियों ने बताईं अपनी समस्याएं
ग्रीन सिटी गुलमोहर के अध्यक्ष शेखर माहेश्वरी ने बताया कि सोसायटी के पीछे सीवेज का गंदा पानी जमा रहता है, जबकि पास से ही पेयजल लाइन गुजरती है। उन्होंने नहर किनारे अतिक्रमण कर बनाई जा रही पक्की दुकानों पर भी चिंता जताई।
प्रेमलता और आशा जोशी ने बताया कि भगवान परशुराम वाटिका पर ताला लगा होने से बच्चे खेलने और बुजुर्ग टहलने नहीं जा पाते। वहीं कुसुम मिश्रा, छाया मिश्रा, आकाश चिढ़ार, प्रशांत तिवारी, संतोष कुमार, नाथूराम सिंह, सीमा झा और मोहित दीक्षित ने सड़क, नाली, सफाई, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और पार्कों की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई।
पार्षद का दावा- जल्द खुलेंगे पार्क के ताले
वार्ड 51 की पार्षद स्नेहलता भगवत सिंह रघुवंशी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में वार्ड में सीसी सड़क, नालियों और अन्य विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभिनंदन पार्क का टेंडर हो चुका है और कार्य जारी है। वहीं भगवान परशुराम वाटिका पर लगे ताले जल्द खुलवाने, पार्क की सफाई और पेड़ों की छंटाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कई विकास कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, लेकिन ठेकेदार और इंजीनियरों की देरी के कारण काम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है।
कांग्रेस ने लगाए उपेक्षा के आरोप
पूर्व पार्षद प्रत्याशी नीति चौबे ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से वार्ड की सड़कें उखड़ी हुई हैं और बारिश में जलभराव आम समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि पार्कों की नियमित सफाई नहीं होती, अधिकांश स्ट्रीट लाइट बंद रहती हैं और बंसल अस्पताल के सामने अवैध पार्किंग तथा जाम की समस्या पर भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
रहवासियों की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से भगवान परशुराम वाटिका को अतिक्रमण और कब्जे से मुक्त कराने, अभिनंदन पार्क का कार्य जल्द पूरा कराने, नियमित सफाई, नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत, पेड़ों की छंटाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि पार्क और मूलभूत सुविधाएं बहाल होने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी।
