भोजनालयों की रसोई में मिलीं खामियां, सात खाद्य नमूने जांच के लिए लिए

कंट्रीसाइड मीडोज को सुधार नोटिस, कमियां दूर नहीं होने पर निलंबित हो सकता है लाइसेंस

भोपाल, 15 अक्टूबर. शहर के चार खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, बटर, मूंगफली दाने, नमकीन और बेसन सहित सात खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। केरवा डैम रोड स्थित कंट्रीसाइड मीडोज की रसोई में गंदगी, खाद्य पदार्थों के गलत भंडारण और कीट नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने जैसी कमियां मिलीं। कर्मचारियों की मेडिकल जांच के रिकॉर्ड भी नहीं मिले। इस पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है।

कहीं पनीर-बटर तो कहीं नमकीन के नमूने

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बारी एयर डाइन-इन रेस्टोरेंट से पनीर और मूंगफली दाने, कंट्रीसाइड मीडोज से पनीर और बटर, 11 नंबर मार्केट स्थित अमीरा नमकीन हाउस से नमकीन और सवाया रेस्टोरेंट से बेसन व मोटी मैया के नमूने लिए। कंट्रीसाइड मीडोज में शिमला मिर्च और टमाटर के रखरखाव में भी कमियां मिलीं। हालांकि, वहां चूहों की मौजूदगी नहीं मिली। बारी एयर की रसोई की सफाई सामान्य रूप से संतोषजनक थी।

समय पर सुधार नहीं किया तो होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत कंट्रीसाइड मीडोज को कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में सुधार नहीं होने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की जा सकती है। अन्य नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Exit mobile version